रीवा। रीवा जिले के गुढ़ थाना अंतर्गत रीवा-सीधी राजमार्ग पर शुक्रवार की शाम एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव गिरवाई पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। शरीर पर चोट के निशान और अस्त-व्यस्त कपड़ों को देखते हुए स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब स्थानीय लोगों की नजर हाईवे किनारे पड़ी लाश पर पड़ी, तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका ने लाल रंग की साड़ी पहनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के शरीर पर कई जगह अंदरूनी चोट के निशान देखे गए हैं और घटनास्थल के पास ही उसकी चप्पलें भी पड़ी मिलीं। कपड़ों की स्थिति को देखते हुए मामले में किसी गंभीर वारदात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में महिला के हुलिए के आधार पर शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
गुढ़ पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को यहाँ लाकर फेंका गया है या घटना इसी स्थान पर हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।







