Singrauli: बीते दिनों जिले के लंघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ताल गाँव में गोपद नदी के किनारे बोरे में मिले शव के बारे में पतासाजी कर हत्या करने वाली बहन और दो सुपाड़ी किलरों को गिरफ्तार करने में लंघाडोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस अंधी हत्या का खुलासा देवसर एसडीओपी गायत्री तिवारी ने गुरुवार को किया।

गौरतलब है कि ताल गांव के गोपद नदी में जूट के बोरे में एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य तंत्रों से शव की पहचान कराई तो शव भैयालाल सिंह निवासी मुरकिल छत्तीसगढ़ का होना पता चला।
जिसपर पुलिस ने परिजनों और सायबर की सहायता से पता किया तो सामने यह बात आई की मृतक नशे का आदी था और नशे में अपनी माँ और बहन के साथ मारपीट करता था और मारकर माँ का हाथ तोड़ दिया था।
जिसपर बहन फूलमती ने तंग होकर पैसे देकर शिवकैलाश सिंह और भूपत सिंह निवासी रोकड़ा छत्तीसगढ़ को हायर किया और भैयालाल की गला दबाकर हत्या कर शव को बोरे में बांधकर नदी में फेंक दिया था। विवेचना में संपत्ति विवाद की भी बात सामने आई है, जिसपर जाँच जारी है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








