रीवा की लोकायुक्त टीम ने आज सिंगरौली में धमक दी है। लोकायुक्त की टीम को सूचना मिली थी कि देवसर तहसील में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रेमलाल सिंह ने किसान कमल प्रसाद मिश्र से जमीन बंटवारे का अदेश बनाने की एवज में चार हजार रूपये की मांग की है।
गुरुवार को लोकायुक्त की टीम ने कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रेमलाल सिंह को किसान से दो हजार रूपये की रिश्वत लेते ट्रैप किया है। लोकायुक्त विभाग के इंस्पेक्टर संदीप भदौरिया ने बताया कि 30 जुलाई को कटौली गांव के किसान कमल प्रसाद मिश्र ने शिकायत दर्ज कराई थी।
किसान ने बताया था कि ऑपरेटर उनकी जमीन के बंटवारे का आदेश पारित कराने के लिए 4000 रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की जांच की गई और जब यह प्राथमिक रूप से सही पाई गई तो किसान को पहली किस्त के रूप में 2000 रुपए देने के लिए तैयार किया गया।
जैसे ही किसान ने ऑपरेटर को पैसे हाथ में दिए लोकायुक्त टीम ने उसे रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कमल प्रसाद ने बताया कि उनके भाइयों के बीच तीन एकड़ जमीन का बंटवारा हुआ था। इसी का आदेश बनवाने के लिए वह 6 महीने से परेशान थे। पहले टाल-मटोल होती रही और फिर सीधे पैसों की मांग की गई। उनके पास पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने शिकायत करने का निर्णय लिया।








