पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राज्य मंत्री राधा सिंह की शिकायत लेकर चितरंगी के कार्यकर्ता शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मीडिया के सामने भी अपनी पीड़ा जाहिर की और कहा कि मंत्री राधा सिंह के सामने समस्या लेकर जाओ तो वो जेल में डालने की बात करती हैं। राधा सिंह पहली बार विधायक बनते ही उनको मंत्री बना दिया गया इसलिए उनको इसका घमंड हो गया है। चितरंगी ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार वैश्य ने कहा वो और उनसे जुड़े कार्यकर्ता 1998 से भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने घर घर जाकर भाजपा के झंडे लगाए हैं। विधानसभा के चुनाव के दौरान उन्होंने जनता की समस्या सरकार बनने के बाद विधायक से करवाने के लिए कहा था। अब जब काम लेकर जाते हैं तो काम करने से मना कर देती हैं। कार्यकर्ता मिलने जाते हैं तो उन्हें भगा दिया जाता है। मंत्री कहती हैं आप लोग नेतागीरी कर रहे हैं, नहीं होगा काम। अनिल ने आरोप लगाया कि राधा सिंह काम करने के बजाय हम लोगों को जेल में डलवाने की धमकी देती हैं। किसी कर्यकर्ता की बात नही सुनती है।








