जिले का नया कलेक्टर गौरव बैनल को बनाया गया है। मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई, जिसमें कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला का तबादला भोपाल में उप सचिव राजस्व विभाग के पद पर कर दिया गया है।
गौरव बेनल वर्तमान में इंदौर जिले में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2016 बैच के अधिकारी गौरव बैनल मूल रूप से उज्जैन के रहने वाले हैं, जो भोपाल में स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर भी रह चुके हैं।
इंदौर में उनके द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ की गई कार्रवाई चर्चा में रही थी। वे एक तेज-तर्रार आईएएस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं।
भोपाल व इंदौर में पदस्थापना के दौरान उनके द्वारा कई महत्वपूर्ण काम किये गये हैं। वहीं कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला जिले में दो साल से अधिक समय तक पदस्थ रहे हैं।
उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज और माइनिंग कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हुआ। मेडिकल कॉलेज में इस सत्र से कक्षाएं भी शुरू हो रही हैं।








