मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली डकैती की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइपास के किनारे बने एक किन्नर के घर पर शनिवार रात करीब 2 बजे 8 से 10 नकाबपोश बदमाश हथियारों से लैस होकर घुस आए। उन्होंने घर में मौजूद चार किन्नरों को बेरहमी से बांध दिया और कुल 30 लाख रुपये के गहने व नकदी लूट ली।
यह वारदात किन्नर समुदाय की गुरु राबिया के आवास पर हुई। राबिया उस रात अपने तीन चेलों के साथ सो रही थीं। पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों ने पहले छत पर सीढ़ी लगाकर चढ़ाई की। फिर गैस कटर से दरवाजा काटकर अंदर दाखिल हुए। ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचते ही उन्होंने कट्टे की नोक पर चेलों को जगाया और गुरु के कमरे का ताला खुलवाया।
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने कमरे से 22 तोला सोना, 4 किलो चांदी के आभूषण और करीब 4 लाख रुपये नकद निकाल लिए। पीड़ितों के पहने हुए गहने भी उतरवा लिए गए। इतना ही नहीं, घरेलू मोबाइल फोन और सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। राबिया ने खुलासा किया कि लूट के बाद बदमाशों ने चेलों को अलग-अलग कमरों में ले जाकर अमानवीय व्यवहार किया। वे बार-बार पूछते रहे कि घर में कोई पुरुष तो नहीं।
फारसी भाषा ने बढ़ाई संदेह की सुई
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बदमाशों में से एक फारसी भाषा में बातचीत करता नजर आया। इससे पुलिस को शक है कि इस साजिश के पीछे किसी परिचित का हाथ हो सकता है। राबिया ने बताया कि लुटेरों ने उन्हें और चेलों को जान से मारने की धमकी दी। बोले, ‘हम तुम पर नजर रखेंगे। शिकायत की तो बधाई समारोह में गोली मार देंगे।’ वारदात के बाद वे लूटे मोबाइल को घर से थोड़ी दूरी पर मिट्टी में दबाकर फरार हो गए। सुबह 4 बजे पीड़ितों ने अंबाह थाने में सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुरैना से एसपी सुरेंद्र पाल सिंह डावर और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची। एएसपी ने बताया कि बदमाशों ने सोची-समझी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। डॉग स्क्वॉड ने आसपास के निशान खोजे, जबकि फॉरेंसिक टीम सबूत जमा कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गैस कटर के अवशेषों की पड़ताल तेज कर दी है।








