सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में पुलिस ने उचेहरा थाना क्षेत्र के परसमनिया चौकी अंतर्गत ग्राम सखोहा खुर्द में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। 400 किलो गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा तस्कर रामाधार चौधरी अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखे हुए है। उचेहरा पुलिस ने तुरंत दबिश दी और रामाधार के घर की तलाशी ली। भूसे के ढेर में अच्छी तरह छिपाकर रखे गए 400 किलो गांजे को बरामद कर लिया गया। रामाधार चौधरी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया।
पकड़े गए तस्कर रामाधार चौधरी सखोहा खुर्द का ही रहने वाला है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि गांजा अंतरराज्यीय तस्करी के लिए जमा किया गया था। पुलिस ने मौके पर पूरे सबूत संग्रहित किए और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के सौदागरों को सबक सिखाने के लिए की गई है।








