SINGRAULI – भाजपा को बड़ा सियासी झटका, संगठन में मचा भूचाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह का इस्तीफा, नेतृत्व पर सीधे आरोप

By: शुलेखा साहू

On: Monday, January 19, 2026 10:19 PM

SINGRAULI - भाजपा को बड़ा सियासी झटका, संगठन में मचा भूचाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह का इस्तीफा, नेतृत्व पर सीधे आरोप
Google News
Follow Us

भाजपा जिले में इस समय गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रही है। संगठन की मजबूती और अनुशासन के दावे करने वाली भाजपा को उस वक्त करारा झटका लगाए, जब जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह बैस ने अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। यह इस्तीफा कोई साधारण घटनाक्रम नहीं, बल्कि संगठन के भीतर पनप रहे असंतोष, उपेक्षा और गुटबाजी का खुला दस्तावेज माना जा रहा है। खास बात यह है कि सुरेंद्र प्रताप सिंह के इस्तीफे के साथ ही अब तक दो जिला उपाध्यक्ष अपने पद छोड़ चुके हैं, इसके पहले राजेश तिवारी रज्जू ने उपाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया था। जिससे भाजपा की अंदरूनी हालत उजागर हो गई है। इस्तीफे में सुरेंद्र प्रताप सिंह ने साफ तौर पर जिला नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि 26 दिसंबर को सिंगरौली मंडल अध्यक्ष के साथ हुई घटना ने पार्टी की छवि को गहरा आघात पहुंचाया, लेकिन इसके बावजूद संबंधित पदाधिकारियों पर कोई ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई। उलटे, जिन लोगों ने आवाज उठाई, उन्हें नजरअंदाज किया गया। यह स्थिति बताती है कि भाजपा में अब अनुशासन व्यक्ति विशेष और पद की ताकत देखकर तय किया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पार्टी मंचों पर अनुशासन सर्वोपरि का नारा दिया जाता है, तो फिर जिला स्तर पर दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है। एक ओर कुछ नेताओं पर तुरंत कार्रवाई होती है, तो दूसरी ओर गंभीर आरोपों के बावजूद कुछ पदाधिकारी अभयदान पाए रहते हैं। यही दोहरापन अब संगठन के भीतर विस्फोट का कारण बन रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह इस्तीफा केवल एक व्यक्ति की नाराजगी नहीं, बल्कि उस असंतोष का संकेत है जो लंबे समय से दबाया जा रहा था। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में यह भावना गहराती जा रही है कि पार्टी अब जमीन से जुड़े नेताओं की नहीं, बल्कि चुनिंदा चेहरों की हो गई है। अब तक दो इस्तीफे भाजपा के लिए चेतावनी हैं और एक महिला नेत्री भी त्याग पत्र देने पर अमादा है, परंतु उन्हें बार-बार दबाया जा रहा है। यदि समय रहते संगठनात्मक सुधार, निष्पक्ष कार्रवाई और संवाद की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आने वाले समय में यह असंतोष और बड़ा रूप ले सकता है। सिंगरौली में भाजपा के लिए यह सिर्फ एक सियासी झटका नहीं, बल्कि संगठन की विश्वसनीयता पर सीधा हमला बन चुका है।
मण्डल अध्यक्ष मोरवा को लेकर भाजपा में असंतोष
बैस समाज का कहना है कि भाजपा हमेशा सामाजिक समरसता और न्याय की बात करती है, लेकिन जब मामला प्रभावशाली पदाधिकारी से जुड़ा हो, तब पार्टी के सिद्धांत कमजोर पड़ जाते हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि विनोद सिंह कुरवंशी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बावजूद इसके आज तक केवल नोटिस और फाइलें आगे बढ़ाने की बात कही जा रही है। समाज के लोगों का यह भी कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से बैस समाज खुद को अपमानित और उपेक्षित महसूस कर रहा है। यदि भाजपा ने समय रहते निष्पक्ष और कठोर निर्णय नहीं लिया, तो यह नाराजगी केवल मोरवा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिले और प्रदेश स्तर तक जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह मामला अब सिर्फ कानून या अनुशासन का नहीं, बल्कि सामाजिक विश्वास का बन चुका है। भाजपा के लिए यह एक परीक्षा की घड़ी है कि वह अपने कथन और कर्म में समानता लाती है या फिर संगठन पर संरक्षण की राजनीति का ठप्पा और गहरा होता जाएगा।
वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता के इस्तीफा से भाजपाई सन्न
भाजपा के जिले में इन दिनों गहरा संगठनात्मक असंतोष उभरकर सामने आ रहा है। पार्टी के अत्यंत वरिष्ठ, अनुभवी एवं सूझबूझ वाले कार्यकर्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह बैस द्वारा अपने जिला उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया जाना इसी असंतोष का प्रत्यक्ष उदाहरण माना जा रहा है। श्री बैस बीजेपी के उन जमीनी नेताओं में सुमार हैं, जिन्होंने दशकों तक संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वे पूर्व में जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, कई बार विस चितरंगी के लोस एवं विस चुनाव के प्रभारी और संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। ऐसे अनुभवी और समर्पित नेता का पद छोड़ना संगठन के लिए चिंताजनक संकेत माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मौजूदा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह के कार्यकाल में अपनाई जा रही कार्यशैली, निर्णय प्रक्रिया तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा से श्री बैस समाज गहरे आहत हैं।

 

SINGRAULI - भाजपा को बड़ा सियासी झटका, संगठन में मचा भूचाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह का इस्तीफा, नेतृत्व पर सीधे आरोप
SINGRAULI – भाजपा को बड़ा सियासी झटका, संगठन में मचा भूचाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह का इस्तीफा, नेतृत्व पर सीधे आरोप

शुलेखा साहू

मैं एक स्वतंत्र लेखक और पत्रकार हूँ, जो समाज, राजनीति, शिक्षा और तकनीक से जुड़े मुद्दों पर गहराई से लिखती हूँ। आसान भाषा में जटिल विषयों को पाठकों तक पहुँचाना Hurdang News के मंच से मेरा प्रयास है कि पाठकों तक निष्पक्ष, स्पष्ट और प्रभावशाली जानकारी पहुँच सके।
For Feedback - editor@hurdangnews.in

Join WhatsApp

Join Now

Facebook

Subscribe Now

Leave a Comment