रायसेन – रायसेन जिले की अमरावत वन नर्सरी मंगलवार दोपहर गोलियों की आवाज से दहल उठी। चार साल पहले काम से हटाए गए पूर्व श्रमिक पूरन लोधी उर्फ गुड्डा ने नर्सरी प्रभारी व डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा पर कट्टे से गोली चला दी।
बचाव में पहुंची महिला कर्मचारी सुमन बाई भी गोली लग्ने से गंभीर घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने नर्सरी परिसर में ही पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। पूरन नर्सरी पहुंचा और डिप्टी रेंजर के पैर छूकर दोबारा काम पर रखने का आग्रह किया।
राकेश शर्मा ने फिलहाल काम न होने की बात कही। जैसे ही वे कमरे की ओर मुड़े, आरोपी ने पीछे से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर सुमन बाई वहां पहुंचीं तो उन पर भी गोली चला दी गई। एक अन्य कर्मचारी डालचंद रावत पर भी फायर हुआ, लेकिन वह बच गया।
घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स भोपाल रेफर किया गया। डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा ने बताया कि पूरन को चार साल पहले अन्य श्रमिकों से विवाद के कारण हटा दिया गया था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







