सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर आई भयानक त्रासदी ने पूरे इलाके को हिला दिया। बॉयलर में हुए विस्फोट से अब तक 20 श्रमिकों की जान जा चुकी है। चार मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 14 अन्य रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती होने के बाद काल के गाल में समा गए। दो और की मौत रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
यह हादसा मंगलवार दोपहर प्लांट के संचालन के दौरान अचानक हुआ, जब बॉयलर में तकनीकी खराबी से जोरदार धमाका हो गया। मृतकों में पांच स्थानीय छत्तीसगढ़ निवासी हैं, बाकी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से थे। कुल 36 लोग झुलस गए, जिनमें 12 छत्तीसगढ़ के हैं। अभी 16 घायलों का रायगढ़ और रायपुर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। रायगढ़ के बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल में बनवारी लाल, उपेंद्र और परदेशी लाल चंद्रा का भर्ती हैं, जबकि उमेंद्र व किस्मत अली रायपुर के निजी अस्पताल में लड़ रहे जंग।
हादसे के बाद प्लांट के बाहर श्रमिकों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई, मोटा मुआवजा और नौकरी की मांग की। प्लांट सिक्योरिटी हेड प्रेम झा ने पुष्टि की कि कुल 36 प्रभावित हुए। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में बुधवार को सात शवों का पोस्टमॉर्टम हुआ, पांच अन्य गुरुवार को होगा।
सरकारी सहायता और जांच के आदेश
वेदांता प्रबंधन ने तुरंत कदम उठाते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 35 लाख रुपये, नौकरी और घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया। इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएमएनआरएफ से हर मृतक परिवार को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहन शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह दुखद घटना है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” सीएम ने मृतक परिवारों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कड़ी चेतावनी दी, “जांच तेज होगी, लापरवाहों पर श्रम कानून के तहत सजा मिलेगी।”
राजनीतिक प्रतिक्रिया और मांगें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे अमानवीय बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 1 करोड़ और घायलों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। बैज बोले, “17 मौतें और 36 घायल—यह लापरवाही का नंगा चेहरा है।”

अमेज़ॉन के बम्फर ऑफर के लिए क्लिक कीजिये







