दमोह जिले में शनिवार तड़के एक व्यक्ति ने चरित्र की शंका में पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना बटियागढ़ के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में हुई। आरोपी द्वारका पटेल ने अपनी पत्नी खेमाबाई (30), बेटी उर्मिला (7) और बेटों उमेश ( 4 ) एवं राजा (1) पर सोते समय सुबह करीब 4.30 बजे कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे चारों की मौत हो गई।
पति- पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। वारदात के बाद आरोपी घर पर ही रहा। सुबह होने पर उसने पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी घर के बाहर कुल्हाड़ी लेकर बैठा मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। एसपी सहित आला अधिकारी व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।
पांच माह पहले भी पत्नी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मृतका के पिता बाबूलाल पटेल ने बताया कि बेटी की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। पति शराब के नशे में आए दिन उससे मारपीट करता था। पांच माह पहले भी हंसिया से हमला करने पर बेटी ने मगरोन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद राजीनामा हो गया। बेटी करीब आठ दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी। दो दिन पहले उसने फोन पर पति द्वारा नशे में मारपीट की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजन शुक्रवार को कबीरपुर पहुंचे और दामाद को समझाइश देकर लौट गए थे।

Comments (0)