छत्तीसगढ़ में 08 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बीजापुर जिले के अंबेली गांव में जवानों के वाहन को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया, जिसमें 8 जवान शहीद हो गए. जबकि एक कार ड्राइवर की भी मौत हो गई।
यह बीते दो साल में राज्य में सुरक्षा बलों पर नक्सलियों का सबसे बड़ा और 2025 का पहला हमला है। सभी जवान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड्स (डीआरजी) थे, जो शनिवार को अबूझमाड़ में 5 नक्सलियों को ढेर करने के बाद एसयूवी से दंतेवाड़ा में बेस पर लौट रहे थे। डीआरजी राज्य पुलिस की ही एक इकाई है।
इनमें स्थानीय जनजातीय के लोगों और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को ही भर्ती किया जाता है। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि धमाका अंबेली गांव के पास दोपहर करीब सवा 2 बजे हुआ। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि मौके पर 10 से 12 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया है।
जिस गाड़ी में जवान सवार थे, उसके परखच्चे उड़ गए। जवानों के शव भी क्षत-विक्षत हो गए। उसकी कार का एक हिस्सा करीब 30 फीट दूर पेड़ पर लटका मिला। बता दें कि दंतेवाड़ा क्षेत्र में आखिरी बड़ा आईईडी ब्लास्ट 26 अप्रैल 2023 को हुआ था, तब 10 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी।
