अलर्ट मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम को एक धमकीभरा संदेश मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। गुरुवार को वॉट्सएप हेल्पलाइन पर मैसेज आया कि 14 आतंकी 400 किलो आरडीएक्स के साथ शहर में घुस चुके हैं। विस्फोटक को वाहनों में रख दिया है। संदेश भेजने वाले ने इसमें ‘लश्कर-ए-जिहादी’ संगठन का नाम लिखा है। धमकी के बाद मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच एटीएस और केंद्रीय एजेंसियां हरकत में आ गईं। दरअसल, शनिवार को अनंत चतुर्दशी पर गणपति विसर्जन के लिए लाखों लोग सड़कों पर उतरेंगे। इससे पहले आई धमकी के बाद खुफिया एजेंसियों और सुरक्षाबलों ने चौकसी बढ़ा दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। क्राइम ब्रांच मैसेज भेजने वाले सोर्स को ट्रेस कर रही है। अफवाह और दहशत फैलाने के एंगल से भी जांच की जा रही है। इस बीच, पुलिस ने कहा है कि अफवाहों पर भरोसा न करें, संदिग्ध गतिविधि होने पर कंट्रोल रूम को बताएं।








