निवाड़ी जिले के रजपुरा गांव में प्रेम संबंधों के चलते हुए एक सनसनीखेज मर्डर केस ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शादीशुदा महिला की हत्या कर उसका शव घर में ही दफनाने और फिर उसी जगह दो दिन तक सोने वाले आरोपी रतिराम राजपूत की क्रूरता और पुलिस की लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना का खुलासा
2 अक्टूबर की रात रतिराम राजपूत ने अपनी प्रेमिका रोहिणी को अपने घर बुलाया। दोनों के बीच पहले शारीरिक संबंध बने, इसके बाद रतिराम ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद अपने दोस्तों कालीचरण, मुकेश और ज्ञान सिंह की मदद से शव को आंगन में गड्ढा खोदकर दफना दिया। खास बात यह रही कि हत्या और दफन के बाद रतिराम उसी स्थान पर खटिया डाल दो दिन तक सोता रहा, ताकि कोई शक न कर सके.
लापरवाही की हद
महिला जब दो दिन तक अपने घर नहीं पहुंची तो परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जब शक के आधार पर रतिराम से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर की खुदाई कर शव बरामद किया। लेकिन हैरानी की बात– पुलिस की अभिरक्षा में रहते हुए रतिराम चकमा देकर फरार हो गया। एसपी ने लापरवाही पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.








