अमेठी। जनपद में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के 10 केंद्रों पर कराई जाएगी। दोनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में संपन्न होगी। इस भर्ती परीक्षा में जिले के कुल 3,360 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और अनुशासन बनाए रखें।
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन और तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि नियंत्रण कक्ष से भी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
अमेठी में 10 केंद्रों पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, 3,360 अभ्यर्थी होंगे शामिल
By: शुलेखा साहू
On: Tuesday, March 10, 2026 1:05 PM







