सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलेज मोड़ के पास की यह घटना है जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने एक बाइक सवार को ठोकर मार दी।
यहां रिद्धि ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को जोरदार ठोकर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार को भी चोटें आई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि दुर्घटना के बाद बाइक सीधे बस के नीचे फंस गई जिसके कारण मुख्य सड़क पर एक लंबा जाम देखने को मिला है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें भी लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची है और तुरंत जाम खुलवाकर बस को कोतवाली थाने ले जाया गया है। हालांकि इससे पहले कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू चलाकर बस के नीचे फंसी बाइक को भी निकाला है।
वहीं यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर लगे लंबे जाम को भी खुलवाकर आवागमन बहाल कराया है। गौर तलब है कि क्षेत्र में बेकाबू और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसा आम हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भारी वाहन आए दिन छोटे वाहनों को अपनी चपेट में लेते हैं जिसके कारण राहगीरों की जान जोखिम में भी पड़ जाती है।
Comments (0)