MP - हाई टेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 लोगों की मौत, 10 से ज्यादा लोग घायल
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर हतनारा गांव में ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था, इस जुलूस में लगभग डेढ़ सौ से 200 लोग शामिल थे । इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाई टेंशन बिजली की लाइन से ताजिया टकरा गई।
Vijay
26 Jun 2026
•
1 min read
Text Size:
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से खबर है जहां रात में ताजिया हाइट टेंशन बिजली के लाइन से टकरा गया, करंट की चपेट में आ जाने से लगभग 10 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, फिलहाल सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रशीद खान, सद्दू हुसैन, अरबाज खान के रूप में हो गई है, अरबाज के परिजन उसे अस्पताल से कहीं और ले गए। इस कारण प्रशासन ने अब तक दो मौत की पुष्टि की है। जबकि ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने तीन मौत की पुष्टि कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर हतनारा गांव में ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था, इस जुलूस में लगभग डेढ़ सौ से 200 लोग शामिल थे । इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाई टेंशन बिजली की लाइन से ताजिया टकरा गई।
लोगों ने बताया कि बिजली लाइन काफी नीचे थी जिसके कारण ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग अचानक जमीन पर गिरने लगे, हादसे के समय मौके पर ना तो कोई पुलिस थी और ना ही बिजली विभाग के कोई अधिकारी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है इसमें करंट लगने के बाद अफरातफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग चिल्लाते नजर आ रहे हैं कई लोग अचानक जमीन पर गिरने लगे, वहीं घटना के बाद तत्काल उपचार के लिए घायल को अस्पताल ले जाया गया।
लेकिन रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, उन्हें मृत अवस्था में लाया गया था। 3 मृतक में से दो के परिजन औपचारिक कार्यवाही पूरा करके शव अपने साथ ले गए लेकिन एक व्यक्ति के परिजन बिना बताए ले गए।