राम मंदिर की एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी : योगी
Vijay
अयोध्या - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राम मंदिर में दान एवं चढ़ावे के कथित गबन को लेकर रामभक्तों को भरोसा दिया कि वे 15 दिन और इंतजार करें, क्योंकि मामले में एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। योगी ने चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावी क्यों न हो। उन्होंने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 378 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय समेत 126 परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास किया। योगी ने वीरांगना झलकारी बाई की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह में कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने जो प्रगति की है, वह सामाजिक एकता और सबके सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में दान पात्र और वित्तीय प्रबंधन में गड़बड़ी का मामला आने के बाद योगी पहली बार शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे थे।
राम भक्तों पर अनर्गल टिप्पणी न करें
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं सभी से अनुरोध करूंगा, सभी पक्षों से कहूंगा कि कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्पणी न करें, जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करती हो। अगर किसी के पास कोई साक्ष्य है तो कृपया एसआईटी को उपलब्ध करा दें। मुख्यमंत्री ने कहा, राम भक्तों से कहना चाहूंगा कि प्रभु राम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। उस मर्यादा का पालन करते हुए हम लोगों के पूर्वजों ने पांच सौ वर्षों तक प्रभु श्रीराम के स्थान को लेने के लिए संघर्ष किया है, तो अब 15 दिन और देख लें, चिंता मत करें।
तीन सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच
योगी ने इसकी जांच के लिये लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के नेतृत्व में पिछले दिनों तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया। योगी ने राम भक्तों को विश्वास दिलाया, अयोध्या के बारे में जो समाचार पत्रों में सुनने को मिला, उसके बाद हम लोगों ने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बिठाई है। कह सकता हूं कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी।
अमर वीरांगना को अर्पित की श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने कहा, आज हम सब अपने भारत की अमर वीरांगना झलकारी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में देश की आजादी के लिए फिरंगियों को नाको चने चबाने को मजबूर कर दिया था। योगी ने कहा, प्रदेश में तीन नई बटालियन वीरांगना अवंती बाई लोधी, वीरंगना झलकारीबाई कोरी और वीरांगना उदा देवी के नाम पर हमारी सरकार ने गठित की तथा यह सुनिश्चित किया है कि इन तीनों बटालियन में केवल और केवल बेटियां भर्ती होंगी।
रामविरोधियों को अच्छी नहीं लगती नई अयोध्या
योगी ने आजादी की इस संघर्ष यात्रा की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा, आज हम एक नये भारत और नये उप्र में रह रहे हैं। डबल इंजन की सरकार अब विरासत और विकास के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को प्रभावी ढंग से लागू करने में प्रतिबद्ध दिखाई दे दुनिया को आकर्षित कर रही है, यह विपक्ष को अच्छा नहीं लगता रही है। उन्होंने कहा, आज नई अयोध्या के रूप में अयोध्या नगरी है। अयोध्या का विकास इनको अच्छा नहीं लगता है। ये लोग रामविरोधी थे, ये बर्दाश्त नहीं कर सकते। योगी ने दावा किया कि उन्होंने आज तक रामजन्मभूमि का दर्शन नहीं किया।